रायगढ़: भाजपा कार्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान 2026' को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित, विधायक गोमती साय ने दी जानकारी
रायगढ़: जिला भाजपा कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्थलगांव की विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ चलाया जा रहा है। यह अभियान आगामी 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा।
इस एक महीने चलने वाले अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, विभिन्न सेवा-कार्य और सामाजिक गतिविधियां भी बड़े पैमाने पर आयोजित की जाएंगी।
गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में समाज के हर वर्ग—विशेषकर गरीब, वंचित, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है। यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ उनके इसी सेवा भाव और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को घर-घर तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा।
अंत में, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सक्रिय सहभागिता निभाने तथा जनभागीदारी के जरिए सेवा के इस संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया।

