पश्चिम एशिया संकट: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ली हाई-लेवल मीटिंग, कलेक्टरों को कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पश्चिम एशिया संकट: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ली हाई-लेवल मीटिंग, कलेक्टरों को कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

प्रदेश में पेट्रोल, गैस और खाद की पर्याप्त उपलब्धता; अफवाहों से बचने की अपील

जशपुर/रायपुर | 29 मार्च 2026 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को पश्चिम एशिया में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस और उर्वरकों (खाद) की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे और अफवाह फैलाने या कालाबाजारी करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

आमजन की सहायता के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

मुख्यमंत्री ने नागरिकों की सुविधा और सही जानकारी प्रदान करने के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की घोषणा की है। किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर कॉल कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को जिला स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित करने और प्रभारी सचिवों के माध्यम से नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर ज़ीरो टॉलरेंस

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि संकट की आड़ में जो भी कालाबाजारी या जमाखोरी करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

  • नियमित मॉनिटरिंग: सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच होगी।

  • प्रतिबंध: पेट्रोल-डीजल को कंटेनरों में आम जनता को देने पर रोक लगाई गई है। केवल अधिकृत संस्थानों और जेनसेट के लिए ही इसकी अनुमति होगी।

  • विशेष निगरानी: सीमावर्ती चेक पोस्टों पर सतर्कता बढ़ाने और गैस सिलेंडरों के परिवहन की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों को समय पर मिलेगा खाद

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरकों (खाद) की होल्डिंग पर कड़ी नजर रखी जाए। खाद वितरण प्रणाली को सॉफ्टवेयर के माध्यम से पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि हर किसान को उसकी आवश्यकता अनुसार समान रूप से खाद उपलब्ध हो सके।

महत्वपूर्ण संस्थानों में निर्बाध आपूर्ति

बैठक में निर्देश दिए गए कि अस्पतालों, छात्रावासों, रेलवे, एयरपोर्ट कैंटीन और सैन्य बलों जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस और ईंधन की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। तेल कंपनियों (HPCL, BPCL, IOCL) के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में आपूर्ति सामान्य है और ऑनलाइन बुकिंग सुचारू रूप से चल रही है।

जशपुर जिले की सक्रिय सहभागिता

इस महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जशपुर जिले से कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक और अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी सीधे जुड़े रहे और मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन हेतु जिला प्रशासन की तत्परता सुनिश्चित की।