कांसाबेल पोंगरों में 'गोल गट्टम लकड़ पट्टम दे दनादन' क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज़, सालिक साय ने बल्ले से दिखाए जौहर
कांसाबेल/पोंगरों: खेल प्रतिभाओं को मंच देने और ग्रामीण स्तर पर भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पोंगरों में रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता (स्थानीय भाषा में 'गोल गट्टम लकड़ पट्टम दे दनादन') का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने फीता काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
मैदान पर गूँजा राष्ट्रगान, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
प्रतियोगिता का प्रारंभ पूरे गरिमा के साथ हुआ। मैदान में उपस्थित सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और ग्रामीणों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर खेल भावना की शपथ ली। इसके पश्चात श्री सालिक साय ने मैदान में जाकर सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जब सालिक साय ने संभाला बल्ला
उद्घाटन के बाद प्रथम मैच का टॉस जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा किया गया। उद्घाटन की रस्मों के बीच एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब श्री सालिक साय खुद क्रीज पर उतरे। उन्होंने हाथ में बल्ला थामकर गेंदबाजी का सामना किया और 'दे दनादन' अंदाज में शॉट लगाकर मैच की शुरुआत की। उनके इस अंदाज़ को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ मैदान गूंजा दिया।


आयोजन समिति की सक्रियता
इस रात्रिकालीन टूर्नामेंट के आयोजन में क्रिकेट आयोजन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त पदाधिकारी एवं ग्राम पोंगरों के ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। समिति ने बताया कि इस रात्रिकालीन प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में भारी जोश है और आने वाले दिनों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


