मुंबई में राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू: निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं पर हो रहा मंथन
रायपुर, 12 सितंबर 2026: देश के भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ है। 11 और 12 सितंबर 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य फोकस देश भर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और समृद्ध भविष्य पर विस्तृत चर्चा करना है।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय श्रम मंत्री श्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह तथा मंडल सचिव श्री गिरीश रामटेके ने किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों ने श्रमिक हित में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिस) और नए नवाचारों के अनुभवों का आदान-प्रदान किया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भविष्य की ठोस रणनीतियां तैयार करना है। इसे देश के निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

