बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने पर लगेगा 10 लाख तक का जुर्माना, जशपुर प्रशासन सख्त

बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने पर लगेगा 10 लाख तक का जुर्माना, जशपुर प्रशासन सख्त

जशपुर (छत्तीसगढ़) | 19 मार्च, 2026

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के कड़े पालन को लेकर जशपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह जात्रा के निर्देशन में जिले के सभी खाद्य कारोबारियों के लिए लाइसेंस और पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस कारोबार करने पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय जी के मार्गदर्शन में कांसाबेल में विशेष शिविर का आयोजन

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बीते 18 मार्च 2026 को कांसाबेल ब्लॉक के सनातन धर्मशाला में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को लाइसेंस प्रक्रिया में सहायता प्रदान करना और उनके आवेदनों का मौके पर ही निपटारा करना था। शिविर में कुल 93 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 08 लाइसेंस/पंजीयन मौके पर ही जारी कर दिए गए।

किसे पंजीयन और किसे लाइसेंस की जरूरत?

विभाग ने कारोबारियों को टर्नओवर के आधार पर दो श्रेणियों में विभाजित किया है:

खाद्य पंजीयन (Registration): ऐसे छोटे कारोबारी जिनका वार्षिक टर्नओवर 12 लाख रुपये से कम है। इनका वार्षिक शुल्क 100 रुपये निर्धारित है।

खाद्य लाइसेंस (License): जिनका वार्षिक टर्नओवर 12 लाख रुपये से अधिक है। इनका वार्षिक शुल्क 2000 रुपये है।

स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए विशेष छूट: FSSAI की जनकल्याणकारी योजना के तहत सड़क किनारे ठेला लगाने वालों और छोटे दुकानदारों के लिए 5 वर्ष हेतु खाद्य पंजीयन पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है।

पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन

अभिहित अधिकारी श्री सागर दत्ता ने बताया कि लाइसेंस प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। व्यापारी सीधे https://foscos.fssai.gov.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। शिविर में 'फूड सेफ्टी मित्र' (FSM) की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिन्होंने फॉर्म भरने, स्कैनिंग और प्रिंटिंग में व्यापारियों की मदद की।

निरंतर जारी रहेंगे जागरूकता अभियान

शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग ने आश्वासन दिया है कि आने वाले दिनों में जिले के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर इसी तरह के कार्यशाला और शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री राखी ठाकुर सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।