कांसाबेल में अंतरराज्यीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, रायगढ़ की टीम बनी विजेता

कांसाबेल में अंतरराज्यीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, रायगढ़ की टीम बनी विजेता

कांसाबेल/जशपुर 

यूथ स्पोर्ट्स क्लब कांसाबेल के तत्वावधान में आयोजित अंतरराज्यीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रविवार देर रात भव्य एवं रंगारंग समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की रायगढ़ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश के बालाघाट को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदाम पंडा, क्षेत्रीय जनपद सदस्य शिप्रा दास, सरपंच कांसाबेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम अध्यक्ष कमलेश बंसल, उपाध्यक्ष अनिल यादव, सचिव रज्जू भाटिया, धनवंत यादव एवं हेमसागर यादव सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने आत्मीयता से किया।

प्रतियोगिता में उड़ीसा के बरगढ़ को हराकर फाइनल में पहुंची रायगढ़ टीम और मध्यप्रदेश के बालाघाट के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दर्शकों के जोश और उत्साह से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता रहा। देर रात तक चले इस फाइनल मैच को देखने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी कांसाबेल पहुंचे।

इस अवसर पर आयोजन की अध्यक्षता कर रहे कमलेश बंसल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से ग्रामीण एवं क्षेत्रीय जनता में नई ऊर्जा का संचार होता है और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन ओजस्वी वक्ता धनवंत यादव ने किया।

कार्यक्रम की सफलता पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने आयोजन समिति के सदस्यों—कमलेश बंसल, रज्जू भाटिया, धनवंत यादव (डीके यादव), अनिल यादव, हेमसागर यादव सहित सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय खेल आयोजन कांसाबेल के लिए गर्व की बात हैं और क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देते हैं।

समापन समारोह में धर्मपाल अग्रवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, सरपंच अनिल कांसाबेल, नारायण दास, अमित अग्रवाल, बालेश्वर, चक्रेश, केशव पांडे, अंशु जैन, अरविंद स्वर्णकार, वीरेंद्र बारीक, अमित पारीक सहित सैकड़ों ग्रामवासी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। विजेता रायगढ़ टीम ने जीत का जश्न मनाते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के टूर्नामेंटों में भाग लेने की इच्छा जताई, वहीं उपविजेता टीम ने आयोजन समिति का आभार प्रकट करते हुए जशपुर की पावन धरती पर खेलने को सौभाग्य बताया।