जशपुर के सरकारी स्कूलों में गूंजेगा टेक्नोलॉजी का शोर: अब विद्यार्थियों को पढ़ाई जाएगी AI, कोडिंग और रोबोटिक्स
जिला प्रशासन और एडु रोबोवर्स के बीच हुआ अहम एमओयू
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
स्थानीय समस्याओं के समाधान और नवाचार पर रहेगा विशेष जोर
जशपुरनगर, 28 अक्टूबर 2026:
जशपुर जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से लैस करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक पहल की है। कलेक्टर रोहित व्यास के विशेष प्रयासों से जिला प्रशासन जशपुर और 'एडु रोबोवर्स' के बीच गैर-वित्तीय सहयोग के आधार पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस अभिनव पहल के तहत जिले के तीन चुनिंदा सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को एक वर्ष तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग का व्यावहारिक (practical) प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर सीखेंगे नवाचार के गुर
इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राएं केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तकनीक का व्यावहारिक उपयोग करना भी सीखेंगे। प्रशिक्षण के दौरान वे इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) की मदद से सेंसर, मोटर और अन्य उपकरणों को जोड़कर स्मार्ट सिस्टम तैयार करना सीखेंगे। इसके अलावा, वे कृषि, जल संरक्षण, वन, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे स्थानीय विषयों पर आधारित वास्तविक प्रोजेक्ट्स (Real-world Projects) भी तैयार करेंगे।
विशेष ट्रेनर करेंगे मार्गदर्शन, शिक्षकों को भी मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम के सुचारू और प्रभावी संचालन के लिए 'एडु रोबोवर्स' की तरफ से प्रत्येक चयनित स्कूल में एक विशेष ट्रेनर नियुक्त किया जाएगा।
ये ट्रेनर सप्ताह में दो दिन विद्यार्थियों की कक्षाएं लेंगे।
साथ ही, विद्यालय के शिक्षकों को भी आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे स्कूलों में तकनीकी शिक्षा का माहौल लंबे समय तक कायम रह सके।
प्रत्येक विद्यार्थी के कौशल, मूल्यांकन और उनके द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट्स का रिकॉर्ड रखने के लिए 'स्टूडेंट टेक्नोलॉजी पासपोर्ट' तैयार किया जाएगा। इसकी मासिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी और प्रशिक्षण के अंत में विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी भी लगाएंगे।
कलेक्टर रोहित व्यास का विजन: ग्रामीण बच्चों को मिल रहा सही अवसर
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने इस अवसर पर कहा कि, "आज का दौर तकनीक का है और आने वाले समय में AI और रोबोटिक्स हर क्षेत्रमें महत्वपूर्ण होंगे। जशपुर के बच्चे बेहद प्रतिभाशाली हैं, जिन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी से पीछे नहीं रहेंगे।"उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वयं करके सीखने (Learning by doing) और अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, एडु रोबोवर्स के सीईओ श्री विशाल श्रीवास्तव और डायरेक्टर श्री आनंद विक्रम सिंह उपस्थित रहे। इस पहल से जशपुर के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक क्षमता का अभूतपूर्व विकास होगा।

