छत्तीसगढ़ में आस्था की उड़ान: बिलासपुर से 850 श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना

छत्तीसगढ़ में आस्था की उड़ान: बिलासपुर से 850 श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना

​रायपुर:

छत्तीसगढ़ सरकार की ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही इस योजना से प्रदेशवासियों को निःशुल्क तीर्थयात्रा का लाभ मिल रहा है।

​भगवान श्रीराम के साथ बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य

​इस विशेष तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य दर्शन के साथ-साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी पुण्य लाभ मिलेगा। छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है, जिससे यहां के लोगों के लिए यह यात्रा अत्यधिक भावनात्मक और धार्मिक महत्व रखती है।

​जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी

​बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री धरमलाल कौशिक और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया और पूरा स्टेशन परिसर रामलला के जयकारों से गूंज उठा।

​यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रेलवे और आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से जुटे रहे।