बिना चीर-फाड़ के मासूम की नाक से निकाला गया इमली का बीज, टला बड़ा खतरा

बिना चीर-फाड़ के मासूम की नाक से निकाला गया इमली का बीज, टला बड़ा खतरा

कांसाबेल: ग्राम पुसरा (तहसील कांसाबेल) में एक 3 वर्षीय मासूम के साथ हुई अनहोनी ने परिजनों की सांसें अटका दी थीं, जिसे चिकित्सकीय सूझबूझ से सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया।

खेल-खेल में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सूमत साय के 3 वर्षीय पुत्र लवेश साय ने आज सुबह खेल-खेल में इमली का एक बीज अपने दाहिने नाक में डाल लिया। घबराए परिजनों और कुछ नौसिखिए लोगों ने बीज को निकालने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई और बीज नाक में और गहराई तक चला गया।

विशेषज्ञों ने दी नई जिंदगी

परिजनों ने बच्चे को 2-3 स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः सड़क किनारे लगे पोस्टर से संपर्क नंबर लेकर वे स्व. शशि प्रसाद मेमोरियल हेल्थ क्लिनिक पहुँचे। यहाँ नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार गुप्ता ने अपनी टीम (विल्सन तिर्की व अन्य स्टाफ) के साथ मिलकर एंडोस्कोपी सिस्टम के जरिए बिना किसी चीर-फाड़ के सफलतापूर्वक उस बीज को बाहर निकाल लिया।

डॉक्टरों की चेतावनी

डॉक्टरों ने इस मामले में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में घर पर प्रयोग करना घातक हो सकता है।

विशेष नोट: अगर नाक में फंसा बीज सांस नली की ओर चला जाए, तो यह जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से ही संपर्क करना चाहिए।