कांसाबेल-बगीचा स्टेट हाईवे पर दो स्पोर्ट्स बाइकों में भीषण भिड़ंत, एक युवक का पैर कुचला, हालत गंभीर

कांसाबेल-बगीचा स्टेट हाईवे पर दो स्पोर्ट्स बाइकों में भीषण भिड़ंत, एक युवक का पैर कुचला, हालत गंभीर

खूंटेरा चिंगरापथल के पास हुआ हादसा; डायल 112 और एंबुलेंस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी

कांसाबेल।

कांसाबेल-बगीचा स्टेट हाईवे पर खूंटेरा चिंगरापथल के पास दो स्पोर्ट्स बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में एक युवक का पैर बुरी तरह कुचल गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी चोटें आई हैं, जिसका इलाज जारी है।

घर से निकलते ही हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खूंटेरा निवासी जेम्सवत तुर्की (उम्र 30 वर्ष) अपनी स्पोर्ट्स बाइक से घर से निकलकर बगीचा रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चिंगरापथल के पास सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।

पैर का सामने का हिस्सा बुरी तरह कुचला

टक्कर इतनी भयानक थी कि जेम्सवत तुर्की के पैर का सामने का हिस्सा बुरी तरह कुचला गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है।

दूसरी बाइक सवार भी घायल

​वहीं, दूसरी स्पोर्ट्स बाइक को महादेवदंड निवासी रजनेश चौहान (उम्र 25 वर्ष) चला रहा था। इस हादसे में रजनेश को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसके साथ बाइक पर पीछे बैठे एक अन्य साथी को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में भर्ती कराया गया, जहां रजनेश का इलाज चल रहा है। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद जेम्सवत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

डायल 112 और एंबुलेंस ने दिखाई तत्परता

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 और एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बिना वक्त गंवाए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल पहुंचाया गया।

​घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।