नारी शक्ति वंदन अधिनियम: राजनीति में नए युग की शुरुआत, अब महिलाएं बनेंगी 'नीति निर्माता' - गोमती साय

रायगढ़। महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर जिला भाजपा कार्यालय रायगढ़ में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पत्थलगांव विधायक व पूर्व सांसद गोमती साय और जशपुर विधायक रायमुनी भगत उपस्थित रहीं। प्रेस वार्ता की खास बात यह रही कि मंच पर केवल महिला नेत्रियाँ ही आसीन थीं, जो महिला आरक्षण की जीवंत झलक पेश कर रही थीं।
ईमानदारी से घर चलाने वाली महिलाएं अब चलाएंगी देश
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक नए युग की दस्तक है। उन्होंने जोर देकर कहा:
"जो महिलाएं पूरी ईमानदारी और कुशलता से अपना घर-परिवार चलाती हैं, अब राजनीति में स्थान सुनिश्चित होने पर वे उतनी ही ईमानदारी से देश भी चलाएंगी। यह विधेयक महिलाओं को महज 'नीति की लाभार्थी' से उठाकर 'नीति निर्माता' बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।"
उन्होंने बताया कि वर्तमान में महिलाओं की भागीदारी 16% है, जो इस अधिनियम के बाद बढ़कर 33% हो जाएगी। इससे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं का वर्चस्व बढ़ेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण व सुरक्षा जैसे जन-केंद्रित मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी।
मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरा हुआ तीन दशकों का इंतजार
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विधेयक पिछले तीन दशकों से लंबित था, लेकिन इच्छाशक्ति के अभाव में पास नहीं हो सका। मोदी जी ने नए संसद भवन से इसे पारित कराकर विकसित भारत की कल्पना को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा, "जैसे महिलाएं घर को स्वर्ग बनाती हैं, वैसे ही राजनीति में आकर वे देश को स्वर्ग बनाएंगी।"

महिला सशक्तिकरण के 10 साल का रिपोर्ट कार्ड
विधायक गोमती साय ने पिछले दशक की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि:
-
शिक्षा: माध्यमिक स्तर पर लड़कियों का नामांकन 80.2% तक पहुंच गया है।
-
आर्थिक सुरक्षा: सुकन्या समृद्धि योजना में 4.6 करोड़ खाते और जन धन योजना के जरिए 32.29 करोड़ महिलाएं बैंकिंग से जुड़ीं।
-
उद्यमिता: मुद्रा योजना के 68% ऋण महिलाओं को मिले और 'लखपति दीदी' व 'नमो ड्रोन दीदी' जैसी पहल से महिलाएं तकनीकी रूप से सशक्त हुई हैं।
-
सम्मान: उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन ने महिलाओं के जीवन को सुगम बनाया है।
सुर साम्राज्ञी आशा भोसले को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
प्रेस वार्ता के दौरान मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक गोमती साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा जी की सुरीली आवाज ने देश की कई पीढ़ियों को प्रभावित किया और उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

मंच पर दिखी महिला शक्ति
प्रेस वार्ता का संचालन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुलता पटेल ने किया, व्यक्तिगत परिचय शीला तिवारी ने दिया और आभार प्रदर्शन पूनम पटेल सोलंकी द्वारा किया गया। मंच पर विधायक द्वय के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गवेल, रेखा महामिया, सुषमा खलखो, त्रिवेणी डहरे सहित अन्य महिला नेत्री उपस्थित रहीं। प्रवक्ता बब्बल पांडे ने बताया कि यह प्रेस वार्ता पूरी तरह से महिला शक्ति को समर्पित रही।





