सरपंचों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला: अध्ययन भ्रमण के अनुभवों से बदलेगी गांवों की सूरत।
जशपुरनगर | 08 अप्रैल 2026
जशपुर जिले की ग्राम पंचायतों को विकास के नए मॉडलों से जोड़ने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री अभिषेक कुमार ने अन्य जिलों और राज्यों के अध्ययन भ्रमण से वापस आए सरपंचों से सीधे संवाद किया और उनके सुझाव लिए।

सफल मॉडलों का जमीनी स्तर पर होगा क्रियान्वयन उल्लेखनीय है कि जिले के सरपंचों के दल ने हाल ही में छत्तीसगढ़ के दुर्ग एवं धमतरी जिले सहित ओडिशा के मयूरभंज जिले का भ्रमण किया था। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य सरपंचों को स्वच्छता, जल प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से अवगत कराना था। कार्यशाला के दौरान सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि यदि सरपंच भ्रमण के दौरान देखे गए सफल मॉडलों को अपने गांव में सही तरीके से लागू करते हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
समस्याओं का लिखित संकलन और समाधान कार्यशाला में विशेष रूप से भ्रमण कर लौटे सरपंचों और सचिवों से उनके संबंधित ग्राम पंचायतों की समस्याओं की जानकारी लिखित रूप में ली गई। प्रशासन का लक्ष्य है कि भ्रमण के दौरान सीखे गए अनुभवों और तकनीकी ज्ञान के आधार पर इन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान निकाला जाए, जिससे ग्राम विकास कार्यों में तेजी आ सके।
डिजिटल पंचायत और नेतृत्व विकास पर जोर भ्रमण के दौरान सरपंचों ने डिजिटल पंचायत, ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता के विभिन्न उपायों को बारीकी से समझा। इस पहल का उद्देश्य न केवल सरपंचों के नेतृत्व और प्रबंधन कौशल को विकसित करना है, बल्कि उन्हें नवीन सरकारी योजनाओं की तकनीकी जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाना भी है। प्रशासन को उम्मीद है कि अन्य राज्यों और जिलों की कार्यप्रणाली से सीख लेकर सरपंच अपने क्षेत्रों में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देंगे।





