सौरभ चंद्राकर का भारत प्रत्यर्पण बड़ी सफलता, महादेव ऐप के पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय जांच एजेंसियों की एक बड़ी सफलता करार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क और प्रोटेक्शन मनी हासिल करने वाले लोगों के चेहरे बेनकाब होंगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि सौरभ चंद्राकर लंबे समय से विदेश में रहकर इस अवैध कारोबार को चला रहा था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां लगातार उसे भारत लाने का प्रयास कर रही थीं। समन्वित प्रयासों के चलते ही उसका प्रत्यर्पण संभव हो सका है।
मुख्यमंत्री ने सीबीआई और सभी केंद्रीय एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से जांच को एक नई दिशा मिलेगी। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में यह साफ हो जाएगा कि महादेव सट्टा ऐप के जरिए किन-किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी जा रही थी और इस पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका थी।


