गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस पर जशपुर का दबदबा: 12 युवाओं ने एकता नगर में देखा CRPF का शौर्य, PM मोदी को सामने पाकर हुए अभिभूत

गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस पर जशपुर का दबदबा: 12 युवाओं ने एकता नगर में देखा CRPF का शौर्य, PM मोदी को सामने पाकर हुए अभिभूत

​जशपुर। गुजरात के ऐतिहासिक एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के भव्य समारोह में जशपुर जिले के 12 युवाओं ने हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन किया। जशपुर पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह की पहल पर गए इन युवाओं को देश के सुरक्षा बलों का पराक्रम, अनुशासन और भारत की समृद्ध विविधता को करीब से देखने का अवसर मिला।

​PM मोदी को देखकर रोमांचित हुए युवा

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। जशपुर के युवाओं के लिए देश के प्रधानमंत्री को अपने सामने देखना जीवन का सबसे यादगार अनुभव बन गया। युवाओं ने बताया कि पीएम मोदी को प्रत्यक्ष देखना उनके लिए बेहद गौरव का क्षण था।

​CRPF और महिला पुलिस बल के स्टंट ने बांधा समां

समारोह के दौरान भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा दिए गए शौर्य प्रदर्शन ने हर किसी को रोमांचित कर दिया। CRPF के जवानों, कोबरा बटालियन और महिला पुलिस बल के जांबाजों द्वारा किए गए हैरतअंगेज बाइक स्टंट्स ने दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।

​स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण और सरदार पटेल को नमन

युवाओं ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन कर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के देश को एकजुट करने के ऐतिहासिक योगदान के बारे में जाना। इसके साथ ही उन्होंने वैली ऑफ फ्लावर्स समेत एकता नगर के प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने 'विविधता में एकता' की अनूठी मिसाल पेश की।

​इन युवाओं ने किया जिले का प्रतिनिधित्व

इस यात्रा में जशपुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपक मिश्रा, पुलिस मितान अमित सोनी, दीपक सिंह, दीपक गुप्ता, विशाल नायक, रोहित नायक, राजू सिंह, विकास गुप्ता, ममता यादव और जय हो संगठन के तीन सदस्य शामिल रहे।

​युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी जी को देखना और सुरक्षा बलों का अनुशासन महसूस करना गर्व से भर देने वाला था। इस यात्रा ने युवाओं के भीतर राष्ट्रसेवा और एकता का एक नया संकल्प जगाया है।