श्रीमती कविता यादव के प्रांताध्यक्ष बनने के बाद जशपुर जिले को मिला नया नेतृत्व, दिलासो कुजूर बनीं निर्विरोध जिलाध्यक्ष
जशपुर:
छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजी क्रमांक 409) की महत्वपूर्ण बैठक कंडोरा स्थित गोकुलधाम में प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती दिलासो कुजूर को जशपुर जिले का नया जिलाध्यक्ष निर्विरोध मनोनीत किया गया है।
पूर्व में प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ही जशपुर जिले की जिलाध्यक्ष थीं। उनके प्रांताध्यक्ष बनने के बाद यह पद रिक्त हुआ था, जिसके बाद सांगठनिक प्रक्रिया के तहत यह चयन किया गया है।


नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ने ली संघ हित में काम करने की शपथ
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर ने अपनी नियुक्ति पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की समस्याओं और अधिकारों को उठाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रांताध्यक्ष के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत किया जाएगा और संघ हित के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने श्रीमती कुजूर को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन के और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई। बैठक का समापन कार्यकर्ताओं के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


