बगीचा नगर पंचायत के रामकृष्ण वार्ड-10 में जला 'आशीर्वाद का दीया', प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की हुई कामना
- पहाड़ी कोरवा बच्चों की दीप ज्योति वंदना से गूंजा रामकृष्ण आश्रम, मंदिरों में भी हुए विशेष आयोजन
बगीचा (छत्तीसगढ़):
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का अनूठा नजारा देखने को मिला। इसी कड़ी में बगीचा नगर पंचायत के रामकृष्ण वार्ड क्रमांक 10 स्थित रौनी रोड, शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और रामकृष्ण आश्रम में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शाम के समय 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत मंदिरों और आश्रम परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश जी की आरती के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।



पहाड़ी कोरवा बच्चों ने दी सामूहिक प्रस्तुतियां
रामकृष्ण आश्रम में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा समुदाय के स्कूली बच्चे रहे। विद्यालयीन स्टाफ और इन बच्चों ने सामूहिक रूप से दीप गान एवं दीप ज्योति वंदना की, जिससे पूरा माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक और ऊर्जावान हो गया।
बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिक
इस सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद प्रेमा थवाईत विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 'आशीर्वाद का दीया' जलाया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्यभर में 17 सितंबर की शाम 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ आम नागरिकों को जोड़ने की अनूठी पहल की गई है, जिसे लेकर बगीचा क्षेत्र में भी भारी उत्साह देखा गया।

