मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया में अपनों के बीच मनाया 62वाँ जन्मदिन: माता का लिया आशीर्वाद, राम सदन में गूँजी सत्यनारायण कथा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया में अपनों के बीच मनाया 62वाँ जन्मदिन: माता का लिया आशीर्वाद, राम सदन में गूँजी सत्यनारायण कथा

जशपुरनगर | 21 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में अत्यंत धूमधाम, उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री ने सत्ता की चकाचौंध से दूर अपनी माटी और अपनों के बीच पहुंचकर इस दिन को यादगार बनाया। बगिया स्थित अपने निवास पहुँचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।

राम सदन में भक्तिभाव: सुख-समृद्धि की कामना

जन्मदिन के पावन अवसर पर बगिया स्थित उनके निवास 'राम सदन' में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपनी माताजी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण की। इस दौरान उन्होंने ईश्वर से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

नन्ही प्रतिभाओं को प्रोत्साहन: क्रिकेट किट का वितरण

मुख्यमंत्री ने इस विशेष दिन पर जिले की खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जशपुर का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को 15 क्रिकेट किट और गेंदें प्रदान कीं। उन्होंने छात्राओं से कहा, "आप इसी लगन और मेहनत के साथ खेलें और देश का नाम रोशन करें।"

पहाड़ी कोरवा समाज ने दी तीर-धनुष के साथ बधाई

बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुँचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि 'प्रधानमंत्री जनमन योजना' से उनके गांवों की तस्वीर बदल रही है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है।

शुभकामनाओं का लगा तांता

मुख्यमंत्री को बधाई देने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय सहित कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भावुक होकर कहा, "जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।"