पत्थलगांव के इंदिरा चौक से जुड़ने वाली प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प: 36.85 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति जारी
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सड़कों के मजबूतीकरण के लिए उच्च कार्यालय को भेजा गया तकनीकी प्रस्ताव
जशपुरनगर | 29 मार्च 2026 विकासखंड पत्थलगांव के मुख्य केंद्र इंदिरा चौक से होकर गुजरने वाले विभिन्न प्रमुख मार्गों के उन्नयन और मजबूतीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) संभाग पत्थलगांव के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए 3685.20 लाख रुपए (36.85 करोड़) की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
इन प्रमुख मार्गों का होगा उन्नयन
प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार, पत्थलगांव के निम्नलिखित शहरी भागों में सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा:
-
इंदिरा चौक से जशपुर रोड: कुल लंबाई 2.00 कि.मी.
-
इंदिरा चौक से अंबिकापुर रोड: कुल लंबाई 1.50 कि.मी.
-
इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड (शहरी भाग): कुल लंबाई 3.80 कि.मी.
जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, प्राप्त प्रशासकीय स्वीकृति के आधार पर तकनीकी स्वीकृति (Technical Sanction) के लिए विस्तृत प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर उच्च कार्यालय को प्रेषित कर दिया गया है। जैसे ही तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होगी, नियमानुसार निविदा (Tender) प्रक्रिया पूर्ण कर अनुबंध के साथ सड़कों के उन्नयन एवं मजबूतीकरण का कार्य धरातल पर प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विभागीय जानकारी और वर्तमान स्थिति
कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया कि इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड (3.80 कि.मी.) का उन्नयन कार्य सी.जी.आर.आई.डी.सी.एल. (CGRIDCL) योजना के तहत पूर्व में ही संपन्न किया जा चुका है। इसके साथ ही, अंबिकापुर रोड और जशपुर रोड पर यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग उपसंभाग जशपुर द्वारा आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य शुरू होने तक नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो।





