गुरु व्यक्तित्व निर्माण और समाज के उत्थान में निभाते हैं अहम भूमिका: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

गुरु व्यक्तित्व निर्माण और समाज के उत्थान में निभाते हैं अहम भूमिका: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

सूरजपुर के खैरा में गुरु सम्मान समारोह व महिला जागृति शिविर आयोजित; 10 शिक्षकों, 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 10 माताओं का हुआ सम्मान

रायपुर/सूरजपुर:

छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि गुरु केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों का विकास करते हैं। गुरु व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रीमती राजवाड़े यह बात सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरा में आयोजित गुरु सम्मान समारोह एवं महिला जागृति शिविर को संबोधित करते हुए कही।

​गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री राजवाड़े ने सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। शिक्षकों का योगदान राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और उनके सही मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित होता है।

​महतारी वंदन योजना और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना

​कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 'महतारी वंदन योजना' को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक माताएं इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा और भविष्य निर्माण में कर रही हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

​साथ ही, उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बाल विकास जैसे कार्यों के जरिए ही शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पा रहा है।

​उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

​कार्यक्रम में ओड़गी क्षेत्र के 10 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा, क्षेत्र की 10 समर्पित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का बच्चों की शिक्षा में सदुपयोग करने वाली 10 जागरूक माताओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

​इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुपोषित बच्चों को बाल संदर्भ सेवाओं से लाभान्वित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन में कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद सराहनीय है।