जशपुर: NH-43 पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर ही मौत

जशपुर: NH-43 पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर ही मौत

पत्थलगांव (कछार): पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कछार नेशनल हाईवे-43 पर आज एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवारों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

​पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गोविंद यादव (अपनी एचएफ डीलक्स बाइक संख्या CG 14 A 4261) अपनी पत्नी और बेटी के साथ फरसटोली से महेशपुर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कछार के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में गोविंद की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।

लुड़ेग से लौट रहा था दूसरा युवक

​हादसे में जान गंवाने वाला दूसरा युवक खेम सागर सिंह सिदार था। वह अपनी प्लेटिना बाइक (संख्या CG 14 HQ 1632) पर लुड़ेग से सामान लेकर कछार की ओर आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खेम सागर ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों परिवारों में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई और अपील

​घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी की चेतावनी:

थाना प्रभारी विनीत पांडे ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि "प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लोग तेज रफ्तार और बिना हेलमेट के वाहन चला रहे हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है। सुरक्षित सफर के लिए गति सीमा का पालन करें और सीट बेल्ट व हेलमेट को अपनी आदत बनाएं।"

प्राइम पल्स न्यूज़

ऋषि संतोष थवाईत 

जशपुर-कांसाबेल