कलेक्टर रोहित व्यास ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण: सुविधाओं में कमी मिलने पर जताई नाराजगी

कलेक्टर रोहित व्यास ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण: सुविधाओं में कमी मिलने पर जताई नाराजगी

जशपुर | 5 मई 2026

जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास आज एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने जशपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सीटोंगा और तेतेरटोली स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की ज़मीनी हकीकत जानी। कलेक्टर ने स्पष्ट लहजे में कहा कि बच्चों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खराब नलकूप पर तत्काल कार्रवाई निरीक्षण के दौरान तेतेरटोली आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की समस्या सामने आई। नलकूप खराब होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने मौके से ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अधिकारी को फोन लगाया और तत्काल मरम्मत कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में बिजली की समुचित व्यवस्था और जल निकासी के लिए सोखता गड्ढा निर्माण करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए।

बच्चों के बीच बिताया समय, फल वितरित किए कलेक्टर का एक संवेदनशील रूप तब देखने को मिला जब वे कुर्सी छोड़कर बच्चों के साथ ज़मीन पर बैठ गए। उन्होंने बच्चों से बड़े ही लाड़-प्यार से बातचीत की और पूछा— "नाश्ता समय पर मिलता है या नहीं?" बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक बताया कि उन्हें नियमित रूप से पौष्टिक आहार मिल रहा है। इस दौरान कलेक्टर ने सभी बच्चों को फलों का वितरण किया।

मासूम तनिषा को मिला 'कलेक्टर अंकल' से जन्मदिन का तोहफा तेतेरटोली केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को पता चला कि नन्हीं बच्ची तनिषा का आज जन्मदिन है। श्री व्यास ने प्रोटोकॉल किनारे रख तनिषा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चे काफी खुश और उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी श्री अजय शर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।