जशपुर: भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो रहे युवा, कॉलेज छात्रों को मिला 'एआई यूथ स्किल' का प्रशिक्षण

जशपुर: भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो रहे युवा, कॉलेज छात्रों को मिला 'एआई यूथ स्किल' का प्रशिक्षण

जशपुर | 30 मार्च 2026 तकनीक के इस दौर में जशपुर के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सशक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष पहल की गई है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में शासकीय राम भजन राय एनईएस महाविद्यालय के सभागार में “एआई यूथ स्किल प्रोग्राम” का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बारीकियों को समझा।

विशेषज्ञों ने सिखाए एआई के गुर इस ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में 1Million 1Billion संस्था के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे एआई न केवल शिक्षा, बल्कि स्वास्थ्य, कृषि, चिकित्सा, विज्ञान और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को इस उभरती तकनीक के व्यावहारिक उपयोग से अवगत कराना और उन्हें तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

सवालों के मिले जवाब, प्रमाण-पत्र से बढ़ा उत्साह सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने काफी उत्साह दिखाया और एआई के भविष्य को लेकर विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए, जो उनके करियर में मददगार साबित होंगे।

तकनीक से सरल होगा जीवन: प्राचार्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान युग में एआई एक अनिवार्य तकनीक बनती जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी तकनीकों को सीखने से दैनिक जीवन के कार्य सरल होंगे और युवा कौशल विकास के नए आयाम छू सकेंगे।

इस अवसर पर टीआरआई से सुश्री दिव्या प्रियदर्शनी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।