वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सन्ना परिक्षेत्र के कक्ष पी-111 में अवैध अतिक्रमण हटाया गया, आरोपियों को सख्त चेतावनी
जशपुरनगर | जिले के वन क्षेत्रों में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वन परिक्षेत्र सन्ना के अंतर्गत आने वाले वन कक्ष क्रमांक पी-111 (ग्राम सुलेसा) में वन भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से वन भूमि को मुक्त कराते हुए अतिक्रमणकारियों को भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी गई है।
चेतावनी के बाद भी जारी था अवैध निर्माण
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुलेसा निवासी दयानंद यादव, रमेश यादव, कुमार यादव और मिथलेश यादव द्वारा वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। विभाग ने इन व्यक्तियों को पूर्व में भी लिखित और मौखिक तौर पर अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी थी, लेकिन निर्देशों की अवहेलना करते हुए अवैध गतिविधियां जारी रखी गईं।
मौके पर रुकवाया गया मकान का निर्माण
12 अप्रैल 2026 को वन विभाग की टीम ने दल-बल के साथ मौके पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुमार यादव (पिता धुनुर यादव) द्वारा वन भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण कराया जा रहा था। विभाग ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य को रुकवाया और विवादित स्थल को वापस अपने कब्जे में लेकर भूमि रिक्त कराई।

सरपंच की सुपुर्दगी में दी गई सामग्री
उसी क्षेत्र में दयानंद यादव, रमेश यादव और मिथलेश यादव ने अतिक्रमण की नियत से भारी मात्रा में मिट्टी डलवाई थी। विभाग ने उक्त मिट्टी को विधिवत रूप से ग्राम पंचायत सुलेसा के सरपंच को सुपुर्द कर दिया है। सरपंच को निर्देशित किया गया है कि मिट्टी के भौतिक स्वरूप में कोई बदलाव न किया जाए और वहां यथास्थिति बनाए रखी जाए।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी जेल
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में पुनः ऐसी गतिविधि पाई गई, तो प्रचलित वन अधिनियमों और कड़े विधिक प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई (जेल और जुर्माना) सुनिश्चित की जाएगी।





