रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: अवैध शराब की बिक्री पर पुलिस का चौतरफा प्रहार, कोतवाली, जूटमिल और लैलूंगा में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: अवैध शराब की बिक्री पर पुलिस का चौतरफा प्रहार, कोतवाली, जूटमिल और लैलूंगा में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ | 21 फरवरी 2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने रेड कार्रवाई कर भारी मात्रा में महुआ और देशी शराब जब्त की है।

कोतवाली पुलिस: घर के अंदर चल रहा था अवैध मयखाना

आज कोतवाली पुलिस ने इंदिरानगर चौक के पास दबिश दी। पुलिस ने अर्जुन चौहान (25 वर्ष) को उसके घर के कमरे में अवैध रूप से शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा। मौके से देशी प्लेन और मसाला शराब के 29 पौव्वा सहित बिक्री की नगद राशि जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जूटमिल पुलिस: झाड़ियों में छिपाकर रखी थी 10 लीटर शराब

जूटमिल पुलिस ने गांधी नगर क्षेत्र के कांशीराम चौक पर कार्रवाई की। आरोपी मंदीप सिंह सोनी (35 वर्ष) ने अपने मकान के पीछे झाड़ियों में हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब छिपा रखी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर 10 लीटर महुआ शराब बरामद की और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

लैलूंगा पुलिस: बाजार शेड के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा आरोपी दबोचा

लैलूंगा पुलिस ने बुधवारी बाजार में कार्रवाई करते हुए परदेशी सारथी उर्फ कृष्णा को पकड़ा। आरोपी बाजार के शेड के पास 10 लीटर महुआ शराब रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी का कड़ा रुख

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” केवल शराब तक सीमित नहीं है। गांजा, नशीली दवाइयां और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य जिले को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाना है।