सड़क पर स्टंट और शोर करने वालों की खैर नहीं: जशपुर पुलिस ने पकड़ी 22 बाइक, बिना नंबर प्लेट वालों पर चला हंटर
जशपुरनगर | जशपुर जिले की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के सख्त निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 22 मोटरसाइकिलों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से शहर के रश-ड्राइविंग करने वाले युवकों में हड़कंप मच गया है।
बिना नंबर और मोडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई
बीती रात कोतवाली पुलिस ने शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर नाकाबंदी कर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर, ओवर स्पीड और नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे वाहनों को निशाने पर लिया गया। अभियान में कुल 22 मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं।

नंबर लिखवाने के बाद ही छोड़ी गई गाड़ियां
पुलिस की कार्रवाई केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रही, बल्कि अनुशासन पर भी जोर दिया गया:
-
बिना नंबर प्लेट: 19 वाहन चालकों की गाड़ियां जब्त की गईं। पुलिस ने सख्त निर्देश दिए कि वाहन पर नंबर डलवाने के बाद ही उन्हें छोड़ा जाएगा। दूसरे दिन नंबर लिखवाने के बाद 5,700 रुपये का जुर्माना वसूल कर वाहन मुक्त किए गए।
-
ओवर स्पीड: तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने वाले एक चालक पर 1,000 रुपये का चालान काटा गया।
-
अग्रिम कार्रवाई: शेष 02 वाहनों पर पुलिस की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
दोबारा पकड़े गए तो जाना होगा कोर्ट
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने चालकों को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि यदि दोबारा बिना नंबर प्लेट या नियमों के उल्लंघन करते पाए गए, तो वाहन को सीधे राजसात कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पालकों के लिए भी कड़ी चेतावनी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अभिभावकों से मार्मिक अपील करते हुए कहा है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिग के वाहन चलाते पकड़े जाने पर न केवल वाहन चालक, बल्कि उसके पालकों (माता-पिता) के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपेक्षा की है। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और भी सख्त रूप में जारी रहेगा।





