सफलता की कहानी: सेवा संकल्प अभियान 2026

सफलता की कहानी: सेवा संकल्प अभियान 2026

​उज्ज्वला योजना ने बदली अंजू निराली की जिंदगी: चूल्हे के धुएं से मिली मुक्ति, अब बच्चों को समय पर मिलता है गरम खाना

  • ​जशपुर जिले में 1.54 लाख से अधिक महिलाओं को मिला एलपीजी गैस कनेक्शन का लाभ
  • ​स्वच्छ ईंधन से समय की बचत के साथ सेहत और स्वच्छता में आया बड़ा सुधार

​जशपुर, 17 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' ग्रामीण अंचलों की महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी और सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत नि:शुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को सालों पुराने लकड़ी के चूल्हे और उसके जानलेवा धुएं से मुक्ति मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित इस योजना का लाभ जशपुर जिले के पात्र परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जा रहा है।

​धुएं से राहत, आंखों की जलन और सांस की समस्या खत्म

​जशपुर जिले के विकासखंड की ग्राम पंचायत देवीडड़ निवासी श्रीमती अंजू निराली (तिर्की) के जीवन में इस योजना से बड़ा बदलाव आया है। अपनी आपबीती और खुशी साझा करते हुए अंजू निराली ने बताया कि पहले उन्हें रोज लकड़ी के पारंपरिक चूल्हे पर खाना पकाना पड़ता था। गीली व सूखी लकड़ियों के धुएं से आंखों में तेज जलन होती थी और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा खाना बनाने में काफी समय बर्बाद हो जाता था, जिससे बच्चों को समय पर खाना देकर स्कूल भेजना बेहद कठिन चुनौती बन जाता था।

​समय पर बन रहा बच्चों का खाना, रसोई हुई साफ-सुथरी

​अंजू निराली ने बताया, "उज्ज्वला योजना के तहत जब से मुझे गैस सिलेंडर और चूल्हा मिला है, मेरी रसोई की सूरत ही बदल गई है। अब धुएं से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है। मैं बिना किसी परेशानी के कम समय में बच्चों के लिए पौष्टिक खाना बनाकर उन्हें सही समय पर स्कूल भेज पाती हूं। मेरी रसोई भी अब पहले से कहीं अधिक साफ-सुथरी रहती है।"

​स्वास्थ्य सुधार और समय की बचत

​गैस चूल्हे के इस्तेमाल से न केवल खाना जल्दी बनता है, बल्कि धुएं के खत्म होने से घर का वातावरण भी स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक बना रहता है। अंजू का कहना है कि यह योजना सिर्फ एक गैस कनेक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने उन्हें आत्मनिर्भरता, सुविधा और परिवार की बेहतर देखभाल के लिए कीमती समय उपलब्ध कराया है।

​जशपुर में 1.54 लाख से अधिक महिलाएं हुईं लाभान्वित

​गौरतलब है कि पारंपरिक चूल्हों से होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाने और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जशपुर जिले में अब तक 1 लाख 54 हजार से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जा चुका है।

​जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव और सुविधाओं के लिए हितग्राही अंजू निराली ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है।