बड़ी खबर: जशपुर में 'संकल्प' प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ी, अब 25 अप्रैल को होगी परीक्षा

बड़ी खबर: जशपुर में 'संकल्प' प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ी, अब 25 अप्रैल को होगी परीक्षा

प्रवेश नियमों में हुआ बदलाव, पहली बार लागू होगी 'नेगेटिव मार्किंग'; नीट और जेईई पर रहेगा पूरा फोकस

जशपुर नगर | 09 अप्रैल 2026

जशपुर जिले के प्रतिष्ठित संकल्प शिक्षण संस्थान (जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इन संस्थानों में अब 12 अप्रैल के स्थान पर 25 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आवेदन और परीक्षा केंद्र की जानकारी संस्थान प्रबंधन के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक की रिक्त सीटों के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के पश्चात, सभी विद्यालयों के प्राचार्य 15 अप्रैल तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में फॉर्म जमा कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे। विशेष बात यह है कि जिन छात्रों ने पूर्व में आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। परीक्षा अब प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में संपन्न होगी।

परीक्षा पैटर्न: पहली बार होगी नेगेटिव मार्किंग इस वर्ष चयन प्रक्रिया को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए नेगेटिव मार्किंग (ऋणात्मक मूल्यांकन) का प्रावधान किया गया है।

  • अंक योजना: प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि एक गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाएगा।

  • पाठ्यक्रम: 9वीं और 10वीं के लिए विज्ञान और गणित से 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।

  • कक्षा 11वीं-12वीं: फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स विषयों के 25-25 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे।

  • समय: परीक्षा दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे तक चलेगी।

जेईई और नीट के लिए तैयार होगा 'मिशन मोड' प्रशासन ने इस बार संकल्प संस्थानों के शैक्षणिक स्तर को देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों की तर्ज पर ढालने का निर्णय लिया है। नए सत्र से कक्षा 9वीं से ही एनसीईआरटी (NCERT) पाठ्यक्रम, साप्ताहिक टेस्ट और एनटीए (NTA) पैटर्न पर ऑनलाइन टेस्ट की सुविधा दी जाएगी।

मिलेंगी ये सुविधाएं:

  1. पूर्णतः निःशुल्क आवासीय सुविधा और गणवेश।

  2. जेईई (JEE) और नीट (NEET) के लिए उच्च स्तरीय स्टडी मटेरियल।

  3. अनुभवी शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन।

  4. जिले के आरक्षण नियमों के तहत मेरिट के आधार पर चयन।

जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संकल्प में पढ़ने वाला प्रत्येक विद्यार्थी आईआईटी (IIT) और शासकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पा सके। इच्छुक छात्रों को अब कड़ी प्रतिस्पर्धा और नई मूल्यांकन पद्धति के साथ परीक्षा की तैयारी करनी होगी।