भीषण सड़क हादसा: कांसाबेल में तेज रफ्तार बेकाबू कार ने उपसरपंच अमित जिंदल की गाड़ी को मारी टक्कर, घर में जा घुसी कार
शराब के नशे में धुत चालक ने मचाया तांडव; उपसरपंच की पत्नी घायल, एयरबैग खुलने से टली चालक की जान
कांसाबेल (छत्तीसगढ़):
कांसाबेल-बगीचा स्टेट हाईवे पर शांति नगर स्थित शिवांश मार्ट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बगीचा रोड की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बेकाबू कार (क्रमांक CG 14 MS 3932) ने सड़क किनारे खड़ी कांसाबेल उपसरपंच अमित जिंदल की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उपसरपंच की कार सड़क किनारे बाईं ओर खेत में जा गिरी, जबकि अनियंत्रित बेकाबू कार सड़क पार कर पास ही बने एक मकान के अंदर जा घुसी। इस हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए हैं और भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।

उपसरपंच की पत्नी घायल, नशे में धुत चालक बाल-बाल बचा
दुर्घटना के समय उपसरपंच अमित जिंदल गाड़ी में मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी पत्नी कार के अंदर बैठी हुई थीं। हादसे में उन्हें सिर पर चोट आई है।
उपसरपंच ने बताया कि दुर्घटनाकारित वाहन को उसका मालिक नयन सुख कुजूर स्वयं चला रहा था और वह अत्यधिक नशे की हालत में धुत्त था। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह वाहन पर से संतुलन खो बैठा। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त बेकाबू कार के एयरबैग (एयर बलून) खुल गए, जिससे नशे में धुत चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं और एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कांसाबेल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।
बढ़ते हादसों से स्थानीय लोगों में रोष, कड़े नियमों की मांग
क्षेत्र में आए दिन हो रही इस तरह की लापरवाही और दुर्घटनाओं से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि ड्रंक एंड ड्राइव करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन को सख्त ट्रैफिक चेकिंग अभियान चलाने की तत्काल आवश्यकता है।





