मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया पुस्तक "बिरहोर जननायक" का विमोचन; पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन संघर्ष की दिखेगी झलक

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया पुस्तक "बिरहोर जननायक" का विमोचन; पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन संघर्ष की दिखेगी झलक

रायपुर | 10 अप्रैल 2026 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जशपुर के गौरव और पद्मश्री से सम्मानित श्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक पुस्तक “बिरहोर जननायक” का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को इस महत्वपूर्ण कृति के लिए बधाई दी।

सेवा और समर्पण का जीवंत दस्तावेज

विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन संघर्ष और निस्वार्थ सेवा का एक अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा, "यह पुस्तक उनके उस समर्पण को दर्शाती है जिसने नई पीढ़ी को समाज के प्रति उत्तरदायी बनने की दिशा दी है। सच्चा नेतृत्व सेवा और संवेदनशीलता से ही जन्म लेता है, और जागेश्वर जी ने इसे चरितार्थ किया है।"

'बिरहोर के भाई' के रूप में विख्यात

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जशपुर जिले में श्री जागेश्वर यादव को ‘बिरहोर के भाई’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन अत्यंत पिछड़ी बिरहोर जनजाति के उत्थान, उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया है।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से आदिम जनजातियों के विकास के लिए किए गए जागेश्वर यादव के प्रयासों और उनके मानवीय दृष्टिकोण को विस्तार से साझा किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह कृति न केवल पाठकों को प्रेरित करेगी, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मील का पत्थर साबित होगी।