जशपुर: रणजीता स्टेडियम में गूँजी शहनाइयां, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 240 नव-जोड़ों को दिया आशीर्वाद
जशपुरनगर | 28 मार्च 2026
जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज 'मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' के अंतर्गत एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं शिरकत की और 240 नवविवाहित जोड़ों के बीच पहुंचकर उन्हें सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ यह विवाह संपन्न कराया गया।

सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल
समारोह में विभिन्न समाजों के जोड़ों ने एक साथ परिणय सूत्र में बंधकर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ा संबल बनकर उभरी है। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम हो रहा है, बल्कि फिजूलखर्ची पर रोक लग रही है और सामाजिक एकजुटता बढ़ रही है।

प्रति जोड़ा ₹50,000 की सहायता
योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक जोड़े को कुल 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया, जबकि शेष राशि में से 7 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री और 8 हजार रुपये आयोजन व्यय के रूप में शामिल हैं।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक मोर्चे पर सरगुजा कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेंद सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी भी इस पुनीत कार्य के साक्षी बने।





