जशपुर में 'डिजिटल डोर' क्रांति: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ, अब घर के बाहर लगे QR कोड से जमा होगा टैक्स

जशपुर में 'डिजिटल डोर' क्रांति: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ, अब घर के बाहर लगे QR कोड से जमा होगा टैक्स

नगर पालिका जाने की झंझट खत्म; संपत्ति, जल और दुकान कर का घर बैठे होगा भुगतान

जशपुर | 29 मार्च 2026 जशपुर नगरीय क्षेत्र के नागरिकों के लिए नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को 'डिजिटल डोर सुविधा' का विधिवत शुभारंभ किया। एचडीएफसी (HDFC) बैंक के सहयोग से शुरू की गई इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब शहरवासी अपने घर या दुकान के बाहर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधे टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।

हर घर की अपनी पहचान, अपना QR कोड

इस योजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र के हर घर और संस्थान के लिए एक यूनिक QR कोड तैयार किया गया है, जिसे घर के बाहर चस्पा किया जा रहा है। इस कोड को स्कैन करते ही मकान मालिक का नाम, हाउस नंबर, मोबाइल नंबर और बकाया टैक्स (संपत्ति कर, जल कर और दुकान कर) की पूरी जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देगी। नागरिकों को अब टैक्स जमा करने के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी।

पारदर्शी और कुशल राजस्व संग्रहण प्रणाली

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि 'प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम' एक आधुनिक ICT आधारित प्रणाली है, जो राजस्व संग्रहण को पारदर्शी और सरल बनाती है। वर्तमान में इस प्रणाली के दायरे में जशपुर के लगभग 4,600 घर शामिल किए गए हैं, जिनमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक सभी प्रकार की संपत्तियां कवर होंगी।

भुगतान की प्रक्रिया है बेहद आसान

QR कोड के माध्यम से भुगतान करना बहुत सुरक्षित और सरल है:

  1. घर के बाहर लगे QR कोड को स्कैन करें।

  2. डीडीएन (DDN) नंबर, मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी दर्ज करें।

  3. टैक्स राशि और बकाया राशि की पुष्टि करें।

  4. यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग का विकल्प चुनें।

  5. भुगतान सफल होते ही तुरंत डिजिटल रसीद प्राप्त करें।

कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित एचडीएफसी बैंक के रीजनल मैनेजर श्री सराफत अली और शाखा प्रबंधक श्री दीपक दास उपस्थित रहे।