ऑपरेशन आघात: जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त सर्जिकल स्ट्राइक, 54 लाख का गांजा जप्त, यूपी-बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात: जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त सर्जिकल स्ट्राइक, 54 लाख का गांजा जप्त, यूपी-बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

पत्थलगांव/जशपुरनगर | नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत जशपुर और रायगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पत्थलगांव में घेराबंदी कर एक टोयोटा कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जप्त मादक पदार्थ की कीमत 54 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रायगढ़ पुलिस ने किया पीछा, जशपुर पुलिस ने बिछाया जाल

इस हाई-प्रोफाइल धरपकड़ की शुरुआत रविवार को हुई, जब रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के संबलपुर से एक कार (DL-3CB-5298) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। रायगढ़ पुलिस की टीम संदिग्ध वाहन का पीछा कर रही थी, तभी इसकी सूचना जशपुर पुलिस को साझा की गई।

सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मेन रोड पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही तस्करों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान तस्करों की कार अनियंत्रित होकर एक नाले के गड्ढे में फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

सीट के नीचे छिपा था 108 पैकेट गांजा

पुलिस ने जब टोयोटा इलियट कार की तलाशी ली, तो वह दंग रह गई। कार की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए स्थान पर 7 प्लास्टिक की बोरियों में खाकी टेप से लिपटे हुए 108 पैकेट गांजा छिपाकर रखे गए थे।

  • कुल वजन: 112 किलो 770 ग्राम

  • गांजे की कीमत: लगभग 54 लाख रुपये

  • कार की कीमत: लगभग 02 लाख रुपये

  • कुल जप्ती: 56 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. संजीव कुमार नट (30 वर्ष): निवासी जिला इटावा, उत्तर प्रदेश।

  2. विजय पंडित (28 वर्ष): निवासी जिला वैशाली (बिहार), वर्तमान पता लोनावाला पुणे, महाराष्ट्र।

ओडिशा से यूपी वाया छत्तीसगढ़

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह गांजा संबलपुर (ओडिशा) से खरीदकर लैलूंगा और पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश खपाने ले जा रहे थे। थाना पत्थलगांव में आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

इस सफल कार्यवाही में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा, आरक्षक आशीषन प्रभात टोप्पो, कमलेश्वर वर्मा, तुलसी रात्रे, देवसिंह एक्का, पदुम वर्मा सहित रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी है।