जिला पंचायत कृषि सभापति गेंद बिहारी सिंह ने भड़िया में सुनी जनसमस्याएं; घाघिया नाला पर पुल और दराव घाघ तक सड़क निर्माण का दिया भरोसा
Chnadra bhan yadav (Bagicha)
बगीचा/भड़िया: भारतीय जनता पार्टी के जिला विशेष आमंत्रित सदस्य एवं जिला पंचायत के कृषि सभापति माननीय गेंद बिहारी सिंह महाराज ने ग्राम भड़िया का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

स्कूली बच्चों की राह होगी आसान: मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने प्रमुखता से घाघिया नाला में पुल निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में नाला उफान पर होने के कारण स्कूली बच्चों का संपर्क टूट जाता है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित होती है। महाराज ने इस समस्या को प्राथमिकता से हल करने की बात कही।

पर्यटन और स्वरोजगार पर जोर: क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दराव घाघ वाटरफॉल तक सुगम पहुंच मार्ग और स्थानीय स्तर पर डेयरी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। इन मांगों को महाराज ने एक चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय कर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी: इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अशोक कुमार यादव, भाजयुमो के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष जयशंकर यादव, भाजयुमो पंड्रापाठ के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष नन्द कुमार यादव, ग्राम पंचायत भड़िया के सरपंच फूल साय नागेश सहित प्रहलाद यादव, श्याम लाल यादव व बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


