जशपुर में रचेगा इतिहास: 14 जून को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए महा-योगाभ्यास, 21 जून को रणजीता स्टेडियम में मुख्य आयोजन
आयुष मंत्रालय की बड़ी पहल: "Yoga for Healthy Ageing" थीम पर देशभर में मनेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, टोल-फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देकर कराएं पंजीयन
जशपुरनगर, 13 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष जशपुर सहित पूरे देश में योग की धूम रहने वाली है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की मुख्य थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। इस कड़ी में जशपुर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जहां आम जनता से लेकर प्रशासनिक अमला योग के इस महा-अभियान में शामिल होने जा रहा है।
कल सुबह बनेगा 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड'
आयुष विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल यानी 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र के माध्यम से 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाने का ऐतिहासिक प्रयास किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए लगातार प्रचार-प्रसार और पंजीकरण किया जा रहा है।
कैसे करें पंजीयन?
इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा बनने के लिए इच्छुक प्रतिभागी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर केवल एक मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन आसानी से करा सकते हैं।
21 जून को रणजीता स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य व भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम 21 जून 2026 को जशपुर के ऐतिहासिक रणजीता स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आयुष विभाग द्वारा इस मुख्य आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आम नागरिक एक साथ योगाभ्यास करेंगे।

'योग संगम पोर्टल-2026' की शुरुआत
इस वर्ष आयुष मंत्रालय द्वारा कार्यक्रमों के व्यवस्थित संचालन और डॉक्यूमेंटेशन के लिए 'योग संगम पोर्टल-2026' प्रारंभ किया गया है। जिले की विभिन्न संस्थाएं, शासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठन अपने स्तर पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों का पंजीयन इस पोर्टल पर कर सकते हैं। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उसकी रिपोर्ट और तस्वीरें भी इस पोर्टल पर अपलोड की जा सकेंगी।

-
आधिकारिक वेब पोर्टल:
https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam

आयुष विभाग की आम जनता से अपील
आयुष विभाग जशपुर ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं और माताओं-बहनों से अपील की है कि वे 14 जून के ऑनलाइन सत्र और 21 जून के मुख्य आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। विभाग ने कहा कि जिलेवासी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भारत को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने में अपना अमूल्य योगदान दें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लें।
- प्राइम पल्स न्यूज़ ब्यूरो


