ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने 60 किलो गौ-मांस के साथ उड़ीसा के युवक को दबोचा, अल्टो कार जप्त

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने 60 किलो गौ-मांस के साथ उड़ीसा के युवक को दबोचा, अल्टो कार जप्त

जशपुर/कोतबा। जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत गौ-तस्करी और अवैध मांस के कारोबार पर एक और बड़ी चोट की गई है। चौकी कोतबा पुलिस ने घेराबंदी कर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे 60 किलोग्राम गौ-वंश मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जप्त कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य मार्ग में नाकेबंदी

मामला 20 मार्च 2026 की रात का है। चौकी कोतबा पुलिस जब मुख्य मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के ग्राम बनडेगा से एक व्यक्ति अपनी अल्टो कार (OR-14-G-3271) में भारी मात्रा में गौ-वंश का मांस लेकर लैलूंगा (रायगढ़) की ओर जा रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी की। संदिग्ध कार के पहुँचते ही पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर कर रोक लिया।

तलाशी में मिला 60 किलो मांस

जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो ड्राइवर के बगल वाली सीट और बीच वाली सीट पर रखे बैगों से 1-1 किलो के कुल 60 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा) बताया।

पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण किए जाने पर जप्त मांस के 'गौ-वंश मांस' होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई और कानूनी धाराएं

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज किया है।