शादी का जश्न बना जंग का मैदान: चिकन-सब्जी बांटने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, महिलाओं को भी पीटा

शादी का जश्न बना जंग का मैदान: चिकन-सब्जी बांटने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, महिलाओं को भी पीटा

कांसाबेल (जशपुर):

जशपुर जिले के कांसाबेल थाना अंतर्गत ग्राम नकबार (जंगलटोली) में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद की शुरुआत शादी में चिकन और सब्जी परोसने के तरीके को लेकर हुई, जिसने आधी रात को मारपीट और घर में घुसकर हमले का रूप ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर FIR दर्ज कर ली है।

पहला पक्ष: बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का आरोप

मोहन यादव (FIR सं. 0070/26) 26-04-2026 के अनुसार, वह शादी घर में चिकन-मटन बांट रहा था, तभी राजू यादव ने सब्जी कम देने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर मोहन घर लौट गया, लेकिन रात करीब 11:30 बजे राजू यादव, विवेक यादव, शंकर यादव, टिकेश्वर और गणेश यादव ने उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने मोहन की पत्नी और उसकी बुजुर्ग मां जुडो बाई के साथ मारपीट की। डंडे और मुक्कों के प्रहार से बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई, जिसे उपचार के लिए कांसाबेल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरा पक्ष: घर के बाहर बुलाकर पीटने का दावा

वहीं, दूसरे पक्ष के राजू यादव (FIR सं. 0071/26) 26-04-2026 का आरोप है कि जब उसने सब्जी कम देने पर टोका, तो मोहन के बेटे खिरोधर ने बदतमीजी की। राजू का दावा है कि जब वह रात 10 बजे खाना मांगने मोहन के घर के बाहर गया, तो मोहन, दिलेश्वर और खिरोधर ने मिलकर उस पर डंडे से हमला कर दिया। इस मारपीट में राजू और उसके भतीजे विवेक की आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस की कार्रवाई

कांसाबेल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:

धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुंचाना।

धारा 296: अश्लील हरकतें और गाली-गलौज।

धारा 3(5): संयुक्त जिम्मेदारी (साझा मंशा)।

धारा 351(2): आपराधिक धमकी।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।