जशपुर में वर्षों पुरानी परंपरा कायम: कृष्ण कुमार राय की अगुवाई में देवघर पहुंचे शिवभक्त, की देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना
- सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगाजल भरकर कठिन पैदल यात्रा के बाद पहुंचे बाबा धाम
- पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में वर्षों से निरंतर जारी है पावन श्रद्धायात्रा
जशपुर। सावन मास की पावन बेला में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और सनातन परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जशपुर जिले से शिवभक्तों का एक विशाल जत्था झारखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) पहुंचा। श्रद्धालुओं ने बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल विधिवत कांवर में भरकर कठिन पैदल यात्रा पूरी की और बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर देश, प्रदेश तथा समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने किया। उनके नेतृत्व में दर्जनों शिवभक्तों ने पूरी श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ बाबा धाम पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की।
गौरतलब है कि कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में जशपुर से बाबा बैद्यनाथ धाम की यह श्रद्धायात्रा वर्षों से निरंतर जारी है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर सनातन संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। इस वर्ष भी उसी परंपरा का निर्वहन पूरे उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक गरिमा के साथ किया गया।
देवघर पहुंचे शिवभक्तों ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, सामाजिक समरसता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी सशक्त माध्यम है। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र की उन्नति, समाज में सुख-शांति तथा सभी नागरिकों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार राय के साथ सत्येन्द्र सिंह, विनोद मिश्रा, सुनील अग्रवाल, सुनील सोनी, संजय सोनी, आलोक राय, सतीश जायसवाल, कर्ण राय, कनक चिंडालिया, राजकुमार गुप्ता, अमरकान्त वर्मा, प्रमोद मिश्रा, आशु राय सहित बड़ी संख्या में जशपुर के शिवभक्त उपस्थित रहे।





