कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त निर्देश: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी सीधी कार्यवाही, चेटबा उपस्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त निर्देश: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी सीधी कार्यवाही, चेटबा उपस्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

जशपुर | 05 मई 2026

जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास आज एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विकासखंड कांसाबेल के चेटबा उपस्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। कलेक्टर ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के एक-एक वार्ड और कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने दवा काउंटर, वेलनेस सेंटर, लैब और प्रसव कक्ष की स्थिति देखी। भवन की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

पंजी और रिकॉर्ड की जांच

कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित आरएचओ (RHO) और सीएचओ (CHO) से संस्थागत प्रसव और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। उन्होंने उपस्थिति पंजी से लेकर आरसीएच (RCH) पंजी तक का मिलान किया और कड़े निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड्स को पूरी पारदर्शिता के साथ अपडेट रखा जाए।

मरीज से फोन पर ली फीडबैक

निरीक्षण की खास बात यह रही कि कलेक्टर ने केवल कागजों पर भरोसा न कर सीधे हितग्राही से बात की। उन्होंने ग्राम मैनी की गर्भवती महिला श्रीमती सुनीता पैंकरा को फोन लगाया और पूछा कि क्या उन्हें अस्पताल से सही मदद मिल रही है? महिला ने स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया, जिसके बाद कलेक्टर ने उन्हें जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी।

परिसर का होगा कायाकल्प

अस्पाल परिसर को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने निम्नलिखित निर्देश दिए:

  • पौधारोपण: परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए वृक्षारोपण कराया जाए।

  • कबाड़ का निपटारा: अस्पताल में पड़े पुराने और अनुपयोगी सामान की तत्काल नीलामी की जाए ताकि जगह खाली हो सके।

इस दौरान एसडीएम श्री प्रदीप कुमार राठिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।