जशपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बस निर्माणाधीन मकान में घुसी, मासूम बच्चे सहित 5 की मौत, 20 से अधिक घायल
जशपुर | 6 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोड़ाअंबा (करडेगा-कुनकुरी मार्ग) में एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक 5 माह का मासूम बच्चा भी शामिल है। घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।
ब्रेक फेल होने की आशंका, मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, 'अनमोल' नामक यात्री बस करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में बस का ब्रेक फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है। रफ्तार तेज होने के कारण बस सीधे स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह के निर्माणाधीन पीएम आवास की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह और एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएम कैंप कार्यालय बगिया के निर्देश पर तत्काल तीन एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं।
- इलाज: घायलों को कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और होली क्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- रेफर: 3 गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर भेजा गया है।
- निरीक्षण: सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा और बीएमओ डॉ. किरण एक्का स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

मृतकों की सूची
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति निम्नलिखित हैं:
- महेश राम (45 वर्ष), निवासी मकरीबंधा (तपकरा)
- बिमला बाई (42 वर्ष), निवासी मकरीबंधा
- संपति देवी (52 वर्ष), निवासी सिमडेगा
- दिग्गेश्वर (40 वर्ष), निवासी ढोढ़ी कुरडेग
- घनश्याम (5 माह), निवासी ढोढ़ी कुरडेग
प्रशासनिक जांच और फिटनेस पर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर यात्री बसों की फिटनेस और सड़कों पर दौड़ रही 'कबाड़' गाड़ियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने बसों को दिए जाने वाले वार्षिक फिटनेस सर्टिफिकेट की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।






















