कांसाबेल स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने पैदल मिस्त्री को मारी टक्कर, तीन घायल

कांसाबेल स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने पैदल मिस्त्री को मारी टक्कर, तीन घायल

कांसाबेल, जशपुर।

कांसाबेल–बगीचा स्टेट हाईवे पर शासकीय मदिरा दुकान (दारू भट्ठी) के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में एक पैदल चल रहे होटल के मिस्त्री सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर दो युवक सवार थे, जिनमें एक पोंगरो निवासी तथा दूसरा भट्ठी टोली निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार एवं लापरवाही से चलाई जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित गौड़ होटल का एक मिस्त्री पैदल जा रहा था, जिसे बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिस्त्री के पैर की हड्डी बाहर निकल आई।

हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पोंगरो के ग्रामीण एक घायल युवक को तत्काल बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल लेकर पहुंचे। वहीं, थाना पुलिस के वाहन से घायल मिस्त्री एवं दूसरे बाइक सवार को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कई बार एंबुलेंस से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद की। अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य में सहयोग किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।