आम की खेप में 'नशा' की तस्करी: पुलिस ने फलों के कैरेट से बरामद किया भारी मात्रा में गांजा

आम की खेप में 'नशा' की तस्करी: पुलिस ने फलों के कैरेट से बरामद किया भारी मात्रा में गांजा

कांसाबेल/दोकड़ा: जशपुर जिले के थाना कांसाबेल अंतर्गत दोकड़ा चौकी पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आम के कैरेटों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे गांजे के एक बड़े जखीरे को पकड़ा है।

फलों की आड़ में चल रहा था काला कारोबार

​मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। पिकअप वाहन में ऊपर से आम के कैरेट लदे हुए थे, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर जब दोकड़ा चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की सघन तलाशी ली, तो आम के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए।

जांच और तौल की प्रक्रिया जारी

​पुलिस ने फिलहाल वाहन को जब्त कर लिया है और 1 आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, गांजे की कुल मात्रा और उसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कितनी है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माल का वजन (तौल) कराया जा रहा है, जिसके बाद ही सटीक आंकड़ों की जानकारी दी जाएगी।

बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका

​स्थानीय पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी।

जशपुर एस एस पी लाल उमेंद्र सिंह ने की पुष्टि 

"हमें गुप्त सूचना मिली थी कि आम की खेप के जरिए अवैध तस्करी की जा रही है। मौके पर कार्रवाई कर माल जब्त किया गया है। विवेचना जारी है, जल्द ही पूरी मात्रा और संलिप्त आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।"

ब्यूरो रिपोर्ट जशपुर, ऋषि थवाईत/प्राइम पल्स न्यूज़