बटईकेला में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, उपसरपंच अंकित गोयल ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’
रामसदन चौहान संवाददाता कांसाबेल
बटईकेला, 28 जून। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को ग्राम पंचायत बटईकेला में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपसरपंच अंकित गोयल ने पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस दौरान उपसरपंच अंकित गोयल ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 से 30 जून 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि "आपका एक छोटा-सा प्रयास बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और पोलियो-मुक्त भविष्य की मजबूत नींव रखेगा। दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार।"

उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सभी अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे, यही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
तीन दिनों तक चलेगा अभियान
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। पहले दिन 28 जून को सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ बनाया गया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की संयुक्त टीमों का गठन कर घर-घर पहुंचकर शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
"दो बूंद जिंदगी की – हर बच्चे तक, हर बार" के संदेश के साथ चलाया जा रहा यह अभियान देश को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।





